नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन्द्र शाह सोमवार को भारत की दो दिवसीय राजकीय यात्रा पर नई दिल्ली पहुंचे। सोमवार सुबह राष्ट्रपति भवन में उनका औपचारिक स्वागत किया गया। इस यात्रा के दौरान वे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात करेंगे।
यह प्रधानमंत्री बनने के बाद बालेन शाह की पहली द्विपक्षीय भारत यात्रा है। वे 22 नवंबर को नई दिल्ली पहुंचे थे। इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर भारत के वाणिज्य एवं उद्योग राज्य मंत्री जितिन प्रसाद ने उनका स्वागत किया था।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ होगी द्विपक्षीय वार्ता
23 नवंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और बालेन शाह के बीच हैदराबाद हाउस में द्विपक्षीय बातचीत निर्धारित है। इस बैठक में भारत और नेपाल के बीच व्यापार, ऊर्जा, बुनियादी ढांचे, कनेक्टिविटी और विकास सहयोग जैसे मुद्दों पर चर्चा होने की उम्मीद है।
दोनों नेता क्षेत्रीय और अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर भी विचारों का आदान-प्रदान करेंगे। बैठक के बाद संयुक्त प्रेस वक्तव्य जारी किया जाना है। प्रधानमंत्री मोदी नेपाली प्रधानमंत्री और उनके प्रतिनिधिमंडल के सम्मान में दोपहर के भोजन का आयोजन भी करेंगे।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से भी करेंगे मुलाकात
भारत यात्रा के दौरान नेपाल के प्रधानमंत्री राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से भी मुलाकात करेंगे। इससे पहले वे महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि देने के लिए राजघाट जाएंगे।
इस यात्रा में नेपाल के वित्त मंत्री डॉ. स्वर्णिम वाग्ले, विदेश मंत्री शिशिर खनाल और अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी शामिल हैं।
अयोध्या और जनकपुर के बीच रेल सेवा का भी कार्यक्रम
भारत और नेपाल के बीच धार्मिक एवं सांस्कृतिक संबंधों को मजबूत करने के उद्देश्य से अयोध्या और जनकपुर धाम के बीच नई साप्ताहिक रेल सेवा शुरू करने का कार्यक्रम भी निर्धारित है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह इस सेवा को वर्चुअल माध्यम से हरी झंडी दिखाएंगे।
बालेन शाह की यह यात्रा दोनों पड़ोसी देशों के बीच द्विपक्षीय संबंधों, व्यापार, ऊर्जा और कनेक्टिविटी सहयोग को आगे बढ़ाने के लिहाज से महत्वपूर्ण मानी जा रही है।






